उंटारी रोड (पलामू)
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में अपना सेवा काल सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद हवलदार कुमार गौरव सिंह उर्फ गुडू सिंह को शुक्रवार को अपने पैतृक गांव उंटारी रोड पहुंचे। गांव आगमन पर सांसद प्रतिनिधि योगी सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह व ग्रामीणों, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
गांव में उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारी की गई थी। परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों ने बाजे-गाजे के साथ उनका अभिनंदन किया और वस्त्र फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान गांव का माहौल उत्साह और गौरव से भर गया।
ग्रामीणों ने कहा कि कुमार गौरव सिंह ने 24 वर्षों तक देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हुए साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय दिया है। उनकी सेवाएं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। स्वागत समारोह में लोगों ने उनके सेवा काल के अनुभवों, उपलब्धियों तथा देश सेवा में दिए गए योगदान की सराहना की।
कुमार गौरव सिंह ने स्वागत के लिए ग्रामीणों एवं परिजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मातृभूमि और देश की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

