बारियातू (लातेहार):
बारियातू थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान तीन नाबालिग लड़कों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक 7.62 पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए लातेहार जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर मंगलवार को थाना गेट के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बालूमाथ की ओर से चतरा की तरफ जा रही एक बाइक पर सवार तीन नाबालिग युवक पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हुए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, जिसमें एक 7.62 पिस्टल और मेड इन अमेरिका मार्का का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों में एक युवक चेटुआग का रहने वाला है, जबकि दो युवक बालूमाथ क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर थाना लाया और कांड संख्या 33/26 के तहत आयुध अधिनियम 1959 में मामला दर्ज किया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

