बारियातू- चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, वाहन चोर गिरोह का खुलासा

बारियातू (लातेहार)

बारियातू थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की 17 मोटरसाइकिल बरामद की है। शनिवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने बताया कि गिरोह के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर बारियातू थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में ग्रामीणों को फर्जी कागजात दिखाकर कम कीमत में बेचते थे।
इस मामले में बारियातू थाना कांड संख्या 30/26, दिनांक 09 मई 2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) एवं 318(2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कौआखाप निवासी साजिद अंसारी और ककराईगढ़ा निवासी रोहित कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक लातेहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बालूमाथ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दल ने कई गांवों में सघन जांच अभियान चलाकर ग्रामीणों द्वारा खरीदी गई 17 चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की।
पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर जांच कर रही है, ताकि वाहनों के वास्तविक मालिकों और चोरी के स्थानों का पता लगाया जा सके। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त पूर्व में घाघरा थाना कांड संख्या 23/2026 में भी गिरफ्तार हो चुके हैं और मंडल कारा गुमला भेजे गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी गिरोहों में हड़कंप मचा है।

Leave a Reply