एनडीपीएस एक्ट पर बड़ी कार्रवाई: चार फरार आरोपियों को गिरफतार कर भेजा जेल।

बारियातू (लातेहार)

बारियातू थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चतरा जिले के लावालौंग एवं थाना क्षेत्र के बालूभांग में छापेमारी कर एनडीपीएस एक्ट के तहत फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि एनडीपीएस एक्ट के सभी फरार अभियुक्त अपने-अपने घरों में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर बालूमाथ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी बिनोद रवानी के नेतृत्व में दो अलग-अलग छापेमारी दल का गठन किया गया।
पहली कार्रवाई में चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत बांदू गांव में छापेमारी कर बारियातू थाना कांड संख्या-20/25 के फरार अभियुक्त रूपलाल यादव (पिता स्व. सोहर यादव) एवं राकेश साव उर्फ राकेश कुमार साहु (पिता कुल्लु साव उर्फ कुलेश्वर साहु) को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद दूसरी छापेमारी बालूभांग क्षेत्र के जावाबार गांव के लेबराही टोला में की गई, जहां से उसी कांड के आरोपी शंकर तुरी (पिता लालदेव तुरी) तथा अवैध अफीम (पोस्ता) की खेती के मामले में बारियातू थाना कांड संख्या-77/24 के फरार अभियुक्त फुलेश्वर गंझु उर्फ फुलदेव गंझू (पिता गंदौरी गंझू) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी पासवान ने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं अफीम की खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक अनुप कुमार, जितेन्द्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक छोटू पंडा सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply