हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज में हर्ष फायरिंग का एक और मामला प्रकाश में आया है । मेन रोड पुरानी बस स्टैंड स्थित धर्मेंद्र कुमार गुप्ता द्वारा अपनी बहन की शादी में जयमाला स्टेज पर हथियार हर्ष फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है । इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पलामू के दिशा-निर्देश पर उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है ।उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी हर्ष फायरिंग के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है । पुलिस इस तरह के मामलों को लेकर पूरी तरह सख्त है । थाना प्रभारी ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार गुप्ता के खिलाफ स्थानीय थाना कांड संख्या 78/26 दर्ज किया गया है । घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है ।

