हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ में शुक्रवार की रात तिलक समारोह के दौरान हुए हर्ष फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। घायलों में थाना क्षेत्र के कटैया ग्राम निवासी 50 वर्षीय अरविंद कुमार मिश्रा तथा नौडीहा बाजार थाना के सिल्दा खुर्द निवासी 60 वर्षीय जगेश्वर बैठा शामिल है। गोली चालन होते ही तिलक समारोह में अफरा तफरी मच गई। आनन -फानन में दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार अरविंद मिश्रा के जांघ में गोली पैर के जांघ में गोली लगी है। जबकि जगेश्वर बैठा के पीठ को चिरते हुए निकल गई है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद औरंगाबाद रेफर कर दिया गया। फिलहाल अरविंद मिश्रा का इलाज गया जी स्थित चिकित्सालय में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भगत तेंदुआ के युगेश बैठा के पुत्र राहुल कुमार तथा अक्षय कुमार का तिलक समारोह था। इसमें पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा भी आमंत्रित थे। पूर्व मुखिया सरोज कुशवाहा का कहना है कि गलती से उनके पिस्टल से फायर हुई है। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि रायफल से फायर की गई है। रायफल में गोली का खोखा पाया गया है। आरोपी पूर्व मुखिया सरोज कुशवाहा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही उनकी लाइसेंसी रायफल व पिस्टल को जब्त कर लिया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि हथियार का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी।

