रांची (झारखंड)
झारखंड में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने प्रदेश के सभी स्कूलों के समय में बदलाव का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश कल यानी 21 अप्रैल 2026 से पूरे राज्य में प्रभावी होगा।
क्या है नया समय?
सरकार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी स्कूलों का संचालन अब नए निर्धारित समय पर होगा:
कक्षा KG से कक्षा 8 तक: सुबह 07:00 बजे से 11:30 बजे तक।
कक्षा 9 से कक्षा 12 तक: सुबह 07:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
शिक्षकों के लिए निर्देश
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छात्रों की छुट्टी के बाद भी सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मियों को स्कूल में मौजूद रहना होगा। उन्हें सुबह 07:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक स्कूल में रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करना होगा।
अगले आदेश तक लागू रहेगा नियम
संयुक्त सचिव मोईनुद्दीन खान के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र (ज्ञापांक- 744) में कहा गया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। विभाग ने सभी जिलों के शिक्षा पदाधिकारियों और अधीक्षकों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है।

