हरिहरगंज व पिपरा में धूमधाम से मनी डॉo भीमराव अंबेडकर की जयंती

बाइक रैली निकाली गई, मूर्ति स्थापना को लेकर भूमि पूजन, कई गांवों में हुआ कार्यक्रम

हरिहरगंज ( पलामू )

भारतीय संविधान निर्माता डॉo भीमराव अंबेडकर की जयंती हरिहरगंज व पिपरा प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को धूमधाम के साथ मनाई गई । इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा बाइक रैली व झांकी निकालकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी गई । हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र के सरसोत से भव्य बाइक जुलूस निकाला गया, जो खड़गपुर, ढाब, सेमरवार, कौवाखोह, कटैया होते हुए सीता प्लस टू उच्च विद्यालय के मैदान पहुंचा । जहां जुलूस सभा में तब्दील हो गया । सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉo अंबेडकर स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री थे तथा भारतीय संविधान के जनक और गणराज्य के प्रमुख निर्माताओं में उनकी अहम भूमिका रही है । इस दौरान अंबेडकर चौक के समीप बाबा साहब की मूर्ति स्थापना को लेकर भूमि पूजन भी किया गया । कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, सपा नेता कमलेश यादव, झामुमो नेता अमित कुमार सिंह, बसपा नेता प्रमोद रवि, पूर्व जिप सदस्य आशा कुमारी, नगर उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि, मुखिया गुलाम सरवर, सरोज प्रसाद कुशवाहा,सूरजमल राम सहित कई जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे । वहीं पिपरा प्रखंड क्षेत्र में दूबटीया मोड़ से बाइक रैली निकाली गई । जो बभंडी, श्रीपालपुर, पिपरा, शोभीचक व अंधारीबाग सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए जयंती समारोह में शामिल हुई । वहीं हरिहरगंज थाना परिसर में भी पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों द्वारा डॉo अंबेडकर की जयंती मनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई ।

Leave a Reply