15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक पूरे जिले में चलेगा बैक टू स्कूल अभियान…

लातेहार (झारखंड)

उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता मे जिला स्तरीय स्कूल रूआर 2026 (Back to School Campaign) विषय पर कार्यशाला का आयोजन टाउन हॉल लातेहार में किया गया।
मौके पर माननीय विधायक मनिका श्री रामचन्द्र सिंह, उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता, स्कूली छात्राओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि समग्र शिक्षा का मुख्य लक्ष्य 5-18 आयुवर्ग के सभी बच्चों का विद्यालयीय शिक्षा पूर्ण कराना है। विगत वर्षाे में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं 5-18 आयुवर्ग के सभी बच्चों की शिक्षा राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता रही है। साथ ही 5-18 आयुवर्ग के सभी बच्चों को पुनः विद्यालय में वापस लाना एवं नियमित अध्यापन कार्य का सम्पादन किया जाना है। इसको ध्यान में रखते हुए विद्यालय स्तर पर एक अभियान “स्कूल रुआर, 2026’ (Back to School Campaign) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान दिनांक 15.04.2026 से 30.04.2026 तक विद्यालय स्तर पर संचालित किया जायेगा।
आगे उन्होंने कहा कि बच्चों को वापस लाने और उनकी नियमित उपस्थिति बनाये रखना अति आवश्यक है। इसके लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक, पंचायत प्रतितिधि, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मी की बेहतर भागीदारी  की आवश्यकता है। सभी मिलकर प्रवासी बच्चों, स्कूल से बाहर रह गए बच्चों के अभिभावकों से मिलने और जागरूक करने का प्रयास करें, ताकि इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाय कि एक भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे और 5 वर्ष से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों का स्कूल में नामांकण हो और वो अपनी शिक्षा पूरी करें।
आगे उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम किये जायेंगे। जिला, प्रखंड के अलावा स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसके तहत स्कूलों में हर दिन अलग-अलग गतिविधि की जायेंगी, जिसमें शिक्षक एवं बच्चे भागीदार होंगे।
इस अवसर पर माननीय विधायक, उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला में अभियान के उद्देश्यों, रणनीतियों एवं विद्यालय स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नामांकन से वंचित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें विद्यालय से जोड़ने हेतु विशेष प्रयास सुनिश्चित किए जाएं।

कार्यशाला में अनुमंडल पदाधिकारी श्री अजय कुमार रजक, मनिका विधायक प्रतिनिधि श्री हरिशंकर यादव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती अल्का हेंब्रम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री गौतम कुमार साहु, अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ स्कूल के बच्चे उपस्थित थे।

Leave a Reply