बाइक सवार सड़क पर गिरा, गंभीर हालत में रेफर

हरिहरगंज (पलामू )

हरिहरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के समीप फोरलेन सड़क पर सोमवार की शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अचानक सड़क पार कर रहे बच्चे को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा । जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया । घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को एनएचएआई के एम्बुलेंस की मदद से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया । जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया । घायल की पहचान नावा बाजार थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव निवासी 32 वर्षीय दिलीप साव पिता- बलराम साव के रूप में हुई है । बताया जाता है कि वह औरंगाबाद की ओर से अपने घर लौट रहा था तभी व सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस संबंध में थाना के एएसआइ विनोद कुमार राय ने बताया कि बाइक के अनियंत्रित होने से दुर्घटना हुई है । पुलिस मौके से बाइक को जब्त कर आगे की कार्रवाई कर रही है ।

Leave a Reply