हरिहरगंज (पलामू )
रामनवमी पर्व को लेकर बुधवार को हरिहरगंज में झारखंड एवं बिहार राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों ने शांति समिति और पूजा समिति के सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला । फ्लैग मार्च का नेतृत्व छतरपुर एसडीएम हिमांशु लाल, एसडीपीओ अवध कुमार यादव तथा बिहार के औरंगाबाद जिले के एसडीपीओ संजय पांडेय ने किया । फ्लैग मार्च शहर के मुख्य मार्ग, मेन बाजार और विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए थाना परिसर पहुंचकर समाप्त हुआ । इस दौरान प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की । पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि हरिहरगंज तथा बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज का रामनवमी जुलूस एक साथ निकलता है । जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है । जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी और सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी । किसी भी तरह के अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है ।उन्होंने कहा कि रामनवमी पूजा समिति और शांति समिति के सदस्य आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, जिससे पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके । फ्लैग मार्च में बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, सीओ मनीष सिन्हा सहित औरंगाबाद जिले के अंबा व कुटुंबा थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे ।

