हरिहरगंज (पलामू):
उपायुक्त समीरा एस ने बुधवार को हरिहरगंज दौरे के क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए ।
उन्होंने एक-एक कर सभी विभागों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखना प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसको लेकर उन्होंने संबंधित कर्मियों को कड़ी चेतावनी भी दी। वहीं स्टोर रूम की व्यवस्था को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। हालांकि, टीबी और मलेरिया मरीजों के फॉलोअप में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। डीसी ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर मरीजों का नियमित और पूर्ण फॉलोअप सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी मरीज की स्थिति बिगड़ने से पहले ही उचित इलाज मिल सके। इस मौके पर सीओ मनीष कुमार सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा० गोपाल प्रसाद, डा० राजेश कुशवाहा डा० अनीस अख्तर, डा० साजिद सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

