उपाध्यक्ष पद पर सुशील कुमार रवि की जीत, 4 मतों से वृजनंदन साव को हराया
हरिहरगंज ( पलामू)
झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बुधवार को हरिहरगंज प्रखंड सभागार में जिला प्रशासन की ओर से शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया । समारोह में हरिहरगंज नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व 16 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गई । कार्यक्रम की शुरुआत में पलामू उपायुक्त सामीरा एस ने नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई । इसके बाद सभी 16 वार्ड पार्षदों को भी शपथ दिलायी गई । मौके पर एलआरडीसी विजय केरकेट्टा, अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार सिन्हा, बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे । शपथ ग्रहण के बाद उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है उस पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है । उन्होंने नगर पंचायत को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की अपील की । शपथ लेने वालों में वार्ड 1 से आस्मिन परवीन, वार्ड 2 से वृजनंदन साव, वार्ड 3 से अमरजीत कुमार, वार्ड 4 से पिंकी कुमारी, वार्ड 5 से पुष्पा देवी, वार्ड 6 से कृष्ण कुमार, वार्ड 7 से सुशील कुमार रवि, वार्ड 8 से स्वेता देवी, वार्ड 9 से पवन कुमार, वार्ड 10 से अवधेश कुमार मेहता, वार्ड 11 से रामजी पासवान, वार्ड 12 से सूरज देवी, वार्ड 13 से हसीना खातून, वार्ड 14 से रिंकू देवी, वार्ड 15 से त्रिपुरारी राम एवं वार्ड 16 से अनुराधा कुमारी शामिल हैं ।
उपाध्यक्ष पद पर सुशील कुमार रवि की जीत
शपथ ग्रहण समारोह के बाद कार्यालय सभागार में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई । निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन के बाद मतदान कराया गया । निर्वाची पदाधिकारी विजय केरकेट्टा की देखरेख में मतगणना संपन्न हुई ।
मतगणना में वार्ड संख्या 7 के पार्षद सुशील कुमार रवि को 10 मत एवं वार्ड संख्या 2 के पार्षद वृजनंदन साव को 6 मत प्राप्त हुए । इस प्रकार सुशील कुमार रवि ने 4 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उपाध्यक्ष पद हासिल किया । निर्वाची पदाधिकारी ने उन्हें जीत का प्रमाण-पत्र प्रदान किया । इसके बाद अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई । समारोह में बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे ।

