चार माह से वेतन बंद, कैंसर से जूझ रहे चपरासी की बढ़ी मुश्किलें

विश्रामपुर (पलामू)

रेहला के बी मोड़ स्थित संत तुलसीदास इंटर कॉलेज में चार महीनों से वेतन भुगतान बंद होने से कर्मचारियों की हालत बद से बदतर हो गई है। आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों के बीच तब चिंता और बढ़ गई, जब कॉलेज के चपरासी रामा तिवारी के कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी सामने आई। इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत के बीच वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

बताया जाता है कि कॉलेज का बैंक खाता बंद होने के कारण वेतन भुगतान पूरी तरह से ठप हो गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि स्थानीय विधायक नरेश सिंह द्वारा बैंक को अपने लेटर पैड पर पत्र लिखे जाने के बाद बैंक ने खाता बंद कर दिया, जिसके कारण पिछले चार महीनों से वेतन जारी नहीं हो पा रहा है।
वेतन नहीं मिलने के कारण कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी पहले से ही आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। वहीं चपरासी रामा तिवारी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनके इलाज के लिए नियमित रूप से पैसों की आवश्यकता है, लेकिन वेतन बंद होने से उनके परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द ही कॉलेज का बैंक खाता चालू कर वेतन भुगतान नहीं किया गया तो कई कर्मचारियों के सामने जीवन यापन का संकट और गहरा सकता है। कर्मचारियों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन मिल सके और बीमार कर्मचारी का इलाज भी सुचारु रूप से हो सके।

Leave a Reply