विश्रामपुर (पलामू)
पलामू जिले के रेहला स्थित कोयल नदी में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर एसडीएम सुलोचना मीना और विश्रामपुर के अंचल अधिकारी राकेश तिवारी की संयुक्त टीम ने छापेमारी करते हुए बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को पकड़कर जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि कोयल नदी से लंबे समय से अवैध बालू खनन और परिवहन की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। इसी के आधार पर प्रशासनिक टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए बालू लेकर जा रहे तीन ट्रैक्टरों को धर दबोचा।
कार्रवाई के दौरान अवैध बालू कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके से भागने में सफल हो गए, जबकि पकड़े गए ट्रैक्टरों को प्रशासन ने जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कोयल नदी में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ खनन नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

