दिल्ली के स्कूलों पर खतरे की कॉल, पुलिस और बम निरोधक दस्ता सक्रिय

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंचकर जांच में जुट गईं। बताया जा रहा है कि धमकी भरा पहला कॉल सुबह 9:13 बजे झंडेवालान स्थित बीटी तमिल एजुकेशन स्कूल को किया गया।

धमकी मिलने वाले स्कूलों में झंडेवालान का बीटी तमिल स्कूल, एसपीवी स्कूल और ब्रिटिश स्कूल शामिल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्कूल परिसरों को सुरक्षा घेरे में ले लिया और एहतियातन आवश्यक कदम उठाए।

मौके पर पहुंची पुलिस टीमों के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने भी स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू की। स्कूल भवन की कक्षाओं, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली गई।

गौरतलब है कि 9 फरवरी को भी दिल्ली के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दौरान भी पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच की थी, लेकिन तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।

फिलहाल ताजा धमकियों को लेकर जांच जारी है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply