विश्रामपुर नगर परिषद चुनाव

विश्रामपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी

विश्रामपुर (पलामू)

विश्रामपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी। अध्यक्ष पद के लिए 4 तथा पार्षद पद के लिए 52 नामांकन फॉर्म की बिक्री हुई। इसके साथ ही अब तक अध्यक्ष पद के लिए कुल 21 और पार्षद पद के लिए कुल 124 नामांकन फॉर्म बिक चुके हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि इस बार नगर परिषद चुनाव में मुकाबला रोचक और बहुकोणीय होने की संभावना है।

हालांकि फॉर्म बिक्री के मुकाबले नामांकन दाखिल करने की गति अभी धीमी नजर आ रही है। शुक्रवार को वार्ड संख्या चार से पार्षद पद के लिए गुलाम नबी अंसारी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वे अब तक पार्षद पद के एकमात्र प्रत्याशी हैं जिन्होंने विधिवत रूप से अपना पर्चा भरा है।

चुनाव कार्यालय में दिनभर संभावित प्रत्याशियों, उनके समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही। नामांकन फॉर्म लेने वालों में नए चेहरों के साथ-साथ पुराने और अनुभवी नेताओं की भी भागीदारी देखने को मिल रही है। कई संभावित प्रत्याशी अंतिम दिन या उसके आसपास नामांकन दाखिल करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ दस्तावेजों की जांच और मार्गदर्शन के लिए अधिकारियों को तैनात किया गया है। आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply