बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के कुचिला पंचायत सचिवालय से बरवागड़ा स्कूल तक बन रही सड़क में निर्माण एजेंसी की लापरवाही सामने आई है। तकनीकी मानकों की अनदेखी से सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल और गार्डवाल निर्माण के दौरान आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। वहीं करीब तीन महीने पहले सड़क पर डस्ट डालकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे पूरे दिन धूल उड़ती रहती है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी के साथ स्वास्थ्य जोखिम भी झेलना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद संवेदक और अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। इससे लोगों का आक्रोश बढ़ रहा है। मामले को लेकर छिपादोहर के सांसद प्रतिनिधि भीमानंद गिरि ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर दोषी एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

