संयुक्त सचिव के.के. पाठक ने सखी मंडलों से किया संवाद
हरिहरगंज (पलामू )
प्रखंड क्षेत्र के खड़गपुर पंचायत सचिवालय में मंगलवार को नीति आयोग सह उर्वरक विभाग, भारत सरकार के संयुक्त सचिव के.के. पाठक ने सेमरवार क्लस्टर के आजीविका सखी मंडलों के साथ समीक्षा बैठक की। इससे पहले उन्होंने सचिवालय भवन में प्रज्ञा केन्द्र संचालक से प्रज्ञा केन्द्र का उद्देश्य जाना।
इस दौरान जेएसएलपीएस के अंतर्गत आजीविका सखी मंडल से जुड़ी महिलाओं से सीधा संवाद किया और उनके स्वरोजगार, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं आजीविका से संबंधित मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नर्सरी, गौ-पालन, आम बागवानी जैसे कार्यों को अपनाने का सुझाव दिया। साथ ही महिलाओं को आपसी संवाद को बढ़ावा देने हेतु वर्क शेड उपलब्ध कराने का निर्देश बीडीओ को दिया। इस दौरान उन्होंने खड़गपुर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना का निरीक्षण किया और लाभुकों से भी मिला। संयुक्त सचिव ने कौवाखोह गांव में कई एकड़ भूमि में की जा रही स्ट्रॉबेरी खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक खेती पद्धति की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की नकदी फसलें किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इसके अलावा उन्होंने समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला, नाथा प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता, किसानों को दी जा रही तकनीकी जानकारी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसानों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाए। मौके पर डीडीसी जावेद अख्तर, एडिशनल कमिश्नर हिमांशु लाल, डीएओ दीपक कुमार, बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा, नीति आयोग के बीसीओ प्रणव कुमार, बीएओ ब्रजेश कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।

