नावाबाजार थाना क्षेत्र में सघन एंटी क्राइम व ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान, कानून तोड़ने वालों पर कसी नकेल
विश्रामपुर (पलामू )
नावाबाजार थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी कड़ी में थाना अंतर्गत अलग-अलग प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर सघन एंटी क्राइम चेकिंग के साथ-साथ विशेष ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस बल ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर वाहन से संबंधित सभी आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट के साथ-साथ ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब सेवन की भी जांच की। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई और ऐसे चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा, वहीं आम नागरिकों ने राहत की सांस ली। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को पहले ही रोका जा सके।
थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखने और शराब पीकर वाहन चलाने जैसी घातक प्रवृत्तियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से एंटी क्राइम चेकिंग एवं ड्रंक एंड ड्राइव अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना प्रभारी ने आम लोगों से अपील की कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस के इस सघन अभियान से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है तथा आम जनता के बीच सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना हुआ है।

