मेदिनीनगर (पलामू)
कड़ाके की ठंड को देखते हुए लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था प्रारंभ कर दी गई है। इस सेवा कार्य के प्रथम चरण का शुभारंभ कल स्थानीय छहमुहान चौक, अंबेडकर पार्क के सामने तथा सदर अस्पताल परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्लब के अध्यक्ष श्री गुरबीर सिंह द्वारा अलाव जलाकर किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री गुरबीर सिंह ने बताया कि लायंस क्लब द्वारा यह सेवा लगातार बढ़ते क्रम में की जाएगी। ठंड की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग चौक-चौराहों और राहगीरों के लिए आवश्यक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम जनों को ठंड से राहत मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि आज यह सेवा रेडमा चौक, बैरिया चौक सहित अन्य ऐसे स्थानों पर भी प्रदान की जा रही है, जहाँ रात्रि के समय आम नागरिकों की अधिक उपस्थिति रहती है और अलाव की आवश्यकता महसूस की जाती है। कड़ाके की ठंड से जब तक कुछ राहत नहीं मिल जाती, तब तक लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर यह सेवा निरंतर जारी रखेगा।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी नागरिक द्वारा किसी अन्य चिन्हित स्थान पर अलाव की आवश्यकता का सुझाव प्राप्त होता है, तो क्लब वहाँ भी सेवा पहुँचाने का हर संभव प्रयास करेगा।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में मुख्य रूप से श्री निलेश चंद्र, श्री फिरोज अंसारी, श्री राघवेंद्र सिंह,श्रीकांत कुमार,श्री विकास शेट्टी एवं श्री रणजीत मिश्रा की सक्रिय भूमिका रही।

