मेदिनीनगर (पलामू)
मनातू थाना अंतर्गत ग्राम अपटी के जंगली क्षेत्र में पुलिस एवं संबंधित विभाग के संयुक्त प्रयास से अवैध रूप से लगी अफीम की खेती के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कार्रवाई के क्रम में जंगली क्षेत्र में लगभग 04 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से लगी अफीम की फसल को शुरुआती अवस्था में ही ट्रैक्टर चलाकर पूर्णतः विनष्ट किया गया।
उक्त स्थल को दिनांक 12/12/2025 को ड्रोन कैमरा की सहायता से चिन्हित किया गया था। तत्पश्चात योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की गई, ताकि अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध अफीम/मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा, तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की जाती है कि वे ऐसी अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

