हरिहरगंज ( पलामू )
थाना क्षेत्र के एनएच 98 सरसोत मोड़ पर छतरपुर एसडीओ आशीष गंगवार तथा हरिहरगंज सीओ मनीष सिन्हा के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया । इस दौरान कुल छह हाईवा ट्रक को विभिन्न दस्तावेजों के अभाव में जब्त किया गया । इस संबंध में अंचल अधिकारी मनीष सिन्हा ने बताया कि जांच के क्रम में तीन हाइवा ट्रक बिना किसी वैध चालान के पाए गए । इन वाहनों को मौके पर ही जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु डीएमओ पलामू को भेजा गया है । वहीं, अन्य तीन हाइवा ट्रकों के चालकों से जब कागजात मांगे गए तो वे प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस सर्टिफिकेट और टैक्स रसीद दिखाने में असमर्थ रहे । संबंधित हाइवा ट्रक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए रिपोर्ट डीटीओ, पलामू को भेजी गई है । सीओ ने बताया कि जब्त किए गए सभी हाइवा ट्रक में पत्थर लदा हुआ था । उन्होंने कहा कि प्रशासन सड़क पर बिना वैध दस्तावेजों के चलने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखे हुए है । बिना चालान, ओवरलोडिंग या प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने बताया कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा । जब्त हाइवा को पथरा ओपी परिसर में रखा गया है । जांच अभियान में पथरा ओपी प्रभारी मंटू कुमार सहित पुलिस के कई जवान शामिल थे ।

