मेदिनीनगर (पलामू)
पलामू पुलिस लाइन परिसर में दो नवनिर्मित खेल मैदानों — बास्केटबॉल कोर्ट और बैडमिंटन कोर्ट — का भव्य उद्घाटन किया गया। विशेष बात यह रही कि इन खेल परिसरों को शहीद आईपीएस अधिकारियों की स्मृति में समर्पित किया गया है। शहीद आईपीएस अजय कुमार सिंह के नाम पर बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण किया गया है, जबकि शहीद आईपीएस अमरजीत बलिहार की स्मृति में बैडमिंटन कोर्ट तैयार किया गया है। इन दोनों ही अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश सेवा में प्राणों की आहुति दी थी। उद्घाटन समारोह में पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन, हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन, एएसपी राकेश कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अधिकारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन और सुविधाएँ न केवल पुलिस बल के बीच खेल भावना को बढ़ावा देंगी, बल्कि शहीदों की स्मृति को भी जीवित रखेंगी।

