विश्रामपुर (पलामू)
विश्रामपुर नगर परिषद मुख्यालय स्थित राजकीय +2 जनता उच्च विद्यालय व राजकीय मध्य विद्यालय परिसर की चहारदीवारी निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। जहां संवेदक के द्वारा प्राक्कलन को अनदेखी कर घोर अनियमितता बरता जा रहा है। वहीं चहारदीवारी का घटिया निर्माण कार्य होता देख स्थानीय लोग भड़क उठे। इतना हीं नहीं आक्रोशित लोगों के द्वारा कार्यस्थल पर जाकर हंगामा करते हुए निर्माण कार्य को रोक दिया। आक्रोश व्यक्त कर रहे लोगों का आरोप था कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। बिना रिंग बांधे चहारदीवारी के पीलर, फाउंडेशन आदि का कार्य किया जा रहा था । केवल दिखावे के लिए पीलर में छड़ खड़ा कर व प्लींथ में छड़ विछाकर ढाले जा रहे थे। आक्रोशित लोगो ने कहा कि जब तक गुणवत्ता में सुधार नहीं होगा तब तक निर्माण कार्य को शुरू नहीं होने दिया जाएगा। निवर्तमान पार्षद सुनील कुमार चौधरी ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से इसकी लिखित शिकायत भी की जाएगी। उन्होंने मांग किया कि संबंधित विभाग के अधिकारी निर्माण कार्य की जांच कर ठेकेदार पर कार्रवाई करें। वरना आंदोलन का रुख अख्तियार किया जाएगा। हंगामा करने वालो में विजय महाजन, नदीम अंसारी, राजेश मार्शल, संतोष चौधरी, मुकेश चौधरी, शिव सोनी, दिलीप चंद्रवंशी, डब्लू गुप्ता सहित कई लोगों का नाम प्रमुख है।
बाक्स: निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है। प्राक्कलन के अनुसार छड़, सीमेंट व अन्य सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। लोगों के द्वारा विरोध किए जाने की जानकारी मिला है। लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है। निर्माण कार्य स्थल पर प्रतिनियुक्त मुंशी व मजदूरों को प्राक्कलन के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
बबलू सिंह, संवेदक

