जिला कमेटी का हुआ विस्तार, कई पत्रकार बनें संगठन के नए सदस्य
मेदिनीनगर (पलामू)
झारखंड पत्रकार संगठन आगामी नवंबर माह में पलामू में भव्य क्रिकेट मैच का आयोजन करेगा। साथ ही संगठन का वार्षिकोत्सव फरवरी माह में मनाएगा। उक्त निर्णय रविवार को स्थानीय परिषदन भवन में झारखंड पत्रकार संगठन की आयोजित जिला कमेटी की बैठक में लिया गया। इसकी अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष विनोद सिंह ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अवधेश शुक्ला उपस्थित थे। इस अवसर पर केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य व पलामू प्रमंडल प्रभारी अश्विनी कुमार घई, शैलेंद्र तिवारी, रघुवीर नारायण पांडेय, विजय कुमार तिवारी व चंद्रदेव प्रजापति भी मौजूद थे। बैठक के दौरान वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर सिंह, मोहम्मद हसीम, अमलेश ठाकुर, धीरेंद्र शर्मा व दिव्यांशु तिवारी ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने कहा कि झारखंड सहित पलामू में आए दिन पत्रकारों पर हो रहे हमले बेहद निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों व पुलिसिया गठजोड़ के कारण भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकार लगातार खतरे में हैं। उन्होंने झारखंड सरकार से राज्य में शीघ्र पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की।
जिला कमेटी का हुआ विस्तार, दी गई नई जिम्मेदारियां
झारखंड पत्रकार संगठन के जिला कमेटी का विस्तार किया गया। इसमें राजीव तिवारी, अमित कुमार शर्मा, सुधीर कुमार यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया।योगेंद्र कुमार मिश्रा को महासचिव, रामाकांत प्रसाद को कोषाध्यक्ष, विकास कश्यप को मीडिया प्रभारी, चंदन लाल मंडल
को संयुक्त सचिव बनाया गया।
इसके अलावा लक्ष्मी प्रसाद सिंह को हुसैनाबाद अनुमंडल अध्यक्ष व चंद्रशेखर सिंह को केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाया गया। झारखंड पत्रकार संगठन के जिला अध्यक्ष विनोद सिंह ने कहा कि संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाना सभी का दायित्व है। सभी पत्रकार साथियों को एकजुट होकर संविधान के दायरे में रहते हुए निडरता के साथ कार्य करने की जरूरत है।
बैठक में गढ़वा जिला प्रभारी रामनिवास तिवारी, मोहम्मद हसीब, सुधीर कुमार यादव, मसूद आलम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे।

