हाइवा से कुचलकर छात्रा की मौत, आक्रोशित लोगों ने एनएच को किया जाम

हरिहरगंज (पलामू)

हरिहरगंज शहर से सटे बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत संडा किशुनपुर मोड़ के समीप शनिवार को पढ़ाई कर साइकिल से घर लौट रही छात्रा 16 वर्षीय चांदनी कुमारी को अनियंत्रित हाइवा ट्रेलर ने कुचल दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका किशुनपुर गांव निवासी उपेंद्र मेहता की पुत्री थी। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक हाइवा छोड़ कर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार औरंगाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ट्रेलर बीआर 01 जीएम 2852 ने टक्कर मार उसे कूचल दिया । जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे, आबादी क्षेत्र में गति नियंत्रित करने तथा वरीय अधिकारी को घटनास्थल पर पहुंचकर उचित कार्रवाई करने की मांग को लेकर मेदिनीनगर – औरंगाबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की टीम को खदेड़ दिया। बाद में भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। सड़क जाम रहने से हरिहरगंज में भी मुख्य मार्ग पर करीब तीन किलोमीटर तक छोटे – बड़े वाहनों की लम्बी कतारें लग गई । घटना के करीब चार घंटे बाद भी समाचार लिखे जाने तक मेदिनीनगर औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर आवागमन बहाल नहीं हो सका है। प्रशासन लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने के प्रयास में जुटी हुई है।

Leave a Reply