मेदिनीनगर (पलामू)
सड़क सुरक्षा नियमों का ईमानदारी से पालन करना हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है। हमारी छोटी सी लापरवाही हमसे हमारा जीवन छीन सकती है या हमें जीवन भर के लिए अपाहिज बना सकती है। इन नियमों को जानते तो सभी हैं लेकिन पालन करना जरूरी नहीं समझते। इसी के मद्देनजर वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट गिलहरी प्रयास कर रहा है लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का। अभी तक विभिन्न स्कूल, कॉलेजों में लगभग पच्चीस हजार बच्चों के बीच यह अभियान चलाया जा चुका है। सभी बच्चों से टीम वरदान अपील करती है कि वो कम से कम पांच लोगों को इसके लिए प्रेरित करें। इस तरह टीम वरदान का यह जागरूकता अभियान लाखों लोगों के बीच पहुंचता है!संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि हमारे इस अभियान से अगर एक भी जीवन बच जाए तो यही हमारी बड़ी उपलब्धि होगी।
इसी क्रम में आज टीम वरदान ने मानव देवी एकेडमी पोखराहा में हजारों बच्चों के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। मौके पर स्कूल की डायरेक्टर श्वेता, वरदान की सचिव शर्मिला वर्मा, राखी सोनी, फरहा नाज, रिनू शर्मा, लक्ष्य श्रेष्ठ और मयूरेश द्विवेदी सहित स्कूल के शिक्षकगण उपस्थित रहे। श्वेता मैम ने अपने छात्रों को टीम वरदानद्वारा दी गई नसीहत पर अमल करने की अपील की। शर्मिला वर्मा ने छात्रों को हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा। रिनू शर्मा और राखी सोनी ने गीत के जरिये बच्चों को जागरूक किया। फरहा नाज और मयूरेश द्विवेदी ने बच्चों से गुजारिश की कि आप सतर्क और सुरक्षित रहें क्योंकि अपने माता पिता के लिए सबसे बड़ी दौलत आपसब ही हैं।खुश्बू शर्मा ने भी बच्चों से अपील की कि आप लोग हमारी बातों को अमल में लाएं। लक्ष्य श्रेष्ठ ने सभी को ड्राइविंग करते समय जूते , गल्वस और तमाम सेफ्टी गियर्स पहनने की सलाह दी ताकि भारत के भविष्य हमारे छात्रों का जीवन सुरक्षित रह सके।

