मेदिनीनगर (पलामू)
उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने सोमवार को शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों संग बैठक कर जिले में शिक्षा विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की।समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने छात्रवृत्ति,पोशाक,पाठ्य पुस्तक मध्यान भोजन,आदि की समीक्षा करते हुए कई निर्देश दिये।
ईविद्यावाहिनी पोर्टल पर बच्चों अटेंडेंस में बढ़ोतरी लाने के निर्देश
बैठक में डीडीसी ने बच्चों की अटेंडेंस की समीक्षा के दौरान ईविद्यावाहिनी पोर्टल पर बच्चों द्वारा कम अटेंडेंस बनाये जाने पर जिस प्रखंड में बच्चों के कम अटेंडेंस हैं,वहां के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को बच्चों के अटेंडेंस में बढ़ोतरी लाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिये।
ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें जोड़ने पर जोर
उप विकास आयुक्त ने ड्रॉपआउट बच्चों की सूची तैयार कर शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से ऐसे बच्चों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर विद्यालय में पुनः नामांकन के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा के अधिकार को हर बच्चे तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।बैठक के दौरान श्री हुसैन के द्वारा मध्यान भोजन अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की गयी।इस दौरान उनके द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुरूप बच्चों को मध्यान भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।उप विकास आयुक्त ने डीईओ व डीएसई को मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के तहत जिले के विद्यालयों को अच्छी रैंकिंग मिल सके,इस दिशा में कार्य करने को लेकर निर्देशित किया गया।इसके अलावे समग्र शिक्षा अभियान की गतिविधि,कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में नामांकन की अद्यतन स्थिति,विद्यालय में बच्चों की इनरोलमेंट,डिजिटल शिक्षा, साइकिल वितरण,स्कूल किट, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में सीबीएसई के माध्यम से चयन, आइसीटी प्रोग्राम एवं स्मार्ट क्लास,किचन गार्डन,विद्यालयों में लाइब्रेरी की उपलब्धता व मध्याह्न भोजन से संबंधित समीक्षा की गयी।मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी,जिला शिक्षा अधीक्षक समेत अन्य उपस्थित रहे।वहीं वर्चुअल मोड के जरिये सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी,अकाउंटेंट,बीपीओ, विभिन्न वार्डन समेत अन्य उपस्थित थे।

