हरिहरगंज (पलामू )
दुर्गा पूजा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से चौकस है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। गुरुवार को छतरपुर एसडीओ आशिष गंगवार के नेतृत्व में हरिहरगंज में पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की लोगों से अपील की गई। फ्लैग मार्च थाना से शुरू हुआ और एनएच 98 मेन रोड,मेन बाजार, अररूआ खुर्द, कॉलेज मोड़ तथा सीमावर्ती बिहार के महाराजगंज तक गया। बाद में फ्लैग मार्च इंटरस्टेट चेकपोस्ट पर पहुंचकर समाप्त हुआ। फ्लैग मार्च में छतरपुर एसडीओ आशिष गंगवार एसडीपीओ अवध प्रसाद यादव बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार सहित बिहार और झारखंड के कई अधिकारी व पुलिसकर्मी शामिल थे।

