युवाओं को हक अधिकार के लिए किया जाएगा जागरूक
मेदिनीनगर (पलामू)
अखिल पलामू छात्र संघ (आपसू) की बैठक आज जिला कार्यालय, मेदिनीनगर में आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता अभिषेक मिश्रा एवं संचालन राजीव रंजन ने किया। बैठक में मुख्य रूप से शैक्षणिक अराजकता और राज्य में युवाओं के बदहाल स्थिति पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से तय किया गया की आपसू 5 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक युवा संवाद यात्रा निकालेगी जो गांव से लेकर शहर तक के 18 से 35 वर्ष के युवाओं से संवाद स्थापित किया जाएगा । मौके पर संबोधित करते हुए अभिषेक मिश्रा ने कहा की हम युवाओं को जागरूक करेंगे और उनसे आग्रह करेंगे की आगामी विधानसभा चुनाव कोई भी वोट मांगने आएं तो उनसे दस प्रश्न जरूर पुंछे।
- 24 वर्षो में झारखंड में स्थानीय नीति नहीं बनी आपने क्या किया?
- वर्षों से विश्वविद्यालय अधिकारीविहिन है आपने क्या किया?
- अनुबंधकर्मी का समायोजन अब तक नहीं हुआ आपने क्या किया?
- शहरी जलसंकट दुर करने के लिए आपने क्या प्रयास किया?
- पेपर लीक पर आपने क्या किया?
- पलामू से पलायन रोकने के लिए कितने उद्योग की स्थापना की ?
- स्कूल -कॉलेज शिक्षक विहिन है आपने क्या किया ?
- आपके हिसाब से विकास किसे कहते हैं ?
- युवा आपको वोट क्यों दे ?
- अगले पांच वर्ष का विजन और पिछले पांच वर्ष का कार्य बताइए ।
इस सवालों के जवाब जो सही से दे सके उसे ही वोट दें । मौके पर राजीव रंजन ने कहा की संवाद यात्रा का उद्देश्य युवाओं को शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक करना और प्रत्याशी चयन में मापदंड स्थापित करना है । मौके पर कुणाल किशोर, रंजन यादव,जेएस कॉलेज प्रभारी दिव्यांशु, जीएलए अध्यक्ष साहिल, शालिनी,महविश, हिमांशु, बिरजू समेत कई आपसू कार्यकर्ता मौजूद थे।

