हरिहरगंज (पलामू )
पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देशानुसार रविवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर हरिहरगंज थाना परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आयोजित एकता परेड का लाइव प्रसारण दिखाया गया। सभी ने एक साथ इस कार्यक्रम को देखा तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि राष्ट्रीय एकता दिवस भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस अवसर पर सभी को देश की एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे को बनाए रखने, सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रहित में मिल-जुलकर कार्य करने का संदेश दिया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका एवं जिम्मेदारी के संबंध में भी जागरूक किया गया । पुलिस द्वारा इस आयोजन के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। मौके पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार एसआई संतोष कुमार, आर कोटवार, हेमंती बास्के एएसआई भूपेंद्र सिंह, रमेश कुमार रवि सहित विद्यालय के शिक्षक व छात्र -छात्राऐं उपस्थित थे।

