मेदिनीनगर (पलामू)
झारखंड स्कूल टैलेंट सर्च-2026 (झारखंड आइडल) की राज्य स्तरीय गायन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में संत मरियम स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा आलीमा अंजूम ने जगह बनाई है। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर प्रमंडल स्तर पर अपनी जगह बनाई और वहां भी प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुईं।
31 अक्टूबर को रांची में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न प्रमंडलों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। उक्त जानकारी संगीत प्रशिक्षक श्याम किशोर पांडे ने दिया। आलीमा के शानदार प्रदर्शन और इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। अब वह राज्य स्तरीय मंच पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

