हरिहरगंज (पलामू )
प्रखंड क्षेत्र के सुदूरवर्ती मझिगावां बाजार में दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में पहली बार ग्रामीण मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि हरिहरगंज -हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी कमलेश कुमार यादव ने फीता काट कर किया। मेले की शुरुआत से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कमलेश कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के मेले का आयोजन सामाजिक एकजुटता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देता है। ऐसे आयोजन ग्रामीण संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस पहल को ग्रामीणों के लिए हर्ष और आपसी मेल-मिलाप का अवसर बताया। मालूम हो कि मझिगावां जैसे सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में पहली बार मेले का आयोजन स्थानीय लोगों के लिए खास महत्व रखता है। दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित इस मेले से ग्रामीणों को एक साथ आने और पर्व की खुशियां साझा करने का अवसर मिला है। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि सनोज गुप्ता, पूर्व मुखिया राजेंद्र यादव, नीरज सिंह, चंदन सिंह, अमित यादव, संदीप राम, उमेश साव, बिपिन साव, अशोक साव, राजन साव, विजय यादव तथा समाजवादी पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष चंदन यादव सहित पूजा समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

