हरिहरगंज (पलामू)
दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर हरिहरगंज में पुलिस-प्रशासन ने ड्रोन कैमरे की निगरानी में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर मेन रोड, महावीर मंदिर, अररूआ मोड़, जामा मस्जिद, जग्गू चौक, धोबी मुहल्ला, बंजारी चौक होते हुए दुर्गा मंदिर और न्यू बस स्टैंड सहित शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाने का संदेश दिया। साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी कि शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च में बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, सीओ मनीष कुमार सिन्हा, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार, बिहार के कुटुंबा थाना अध्यक्ष चंद्रहास सिंह, थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

