हरिहरगंज (पलामू)
दुर्गा पूजा महोत्सव के मद्देनजर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर हरिहरगंज थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती ढकचा पंचायत के पड़रिया टोला धमाकाडीह व कोकरो गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 120 किलोग्राम जावा महुआ, निर्मित महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए । जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। छापेमारी दल में पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह एएसआई मोo जावेद व महिला पुलिसकर्मी सहित सशस्त्र बल के कई जवान शामिल थे।

