दुर्गा पूजा को लेकर बारियातू में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा का दिलाया भरोसा

बारियातू (लातेहार)

दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश प्रसाद सिंह, पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह व थाना प्रभारी अनुप कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को बारियातू थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र में भ्रमण कर आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहार के दौरान शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय घटना, असामाजिक गतिविधि या शांति भंग करने के प्रयास को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे दुर्गा पूजा का त्योहार प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश साझा करने से बचें। किसी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को सतर्क करना था।
फ्लैग मार्च में मुख्य रूप एसआई दिनेश कुमार, छोटू पंडा, राजकिशोर तिवारी, सुनील कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply