कबाड़ से कला प्रदर्शनी में दिखी रचनात्मकता, बेहतर प्रदर्शन करने वाले होंगे पुरस्कृत
हरिहरगंज (पलामू) नगर पंचायत कार्यालय परिसर में बुधवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत सफाई मित्रों के लिए सिंगल विंडो हेल्थ चेक-अप कैंप लगाया गया। शिविर में सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें सुरक्षा किट बांटे गये। नगर पंचायत अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी, उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि, सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन एवं वार्ड पार्षदों ने शिविर का निरीक्षण किया और सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट प्रदान किया। जनप्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर जानकारी ली। इस दौरान अपशिष्ट पदार्थों के पुन: उपयोग और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘कबाड़ से कला’ प्रतियोगिता सह प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें कबाड़ से तैयार कलाकृतियों का प्रदर्शन किया गया। नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का निरीक्षण कर प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। बेहतर प्रदर्शन करने वाले महिला समूहों को बाद में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। मौके पर आयुष चिकित्सक डॉo अरविंद कुमार, समाजसेवी जानू चौधरी, वार्ड पार्षद पवन कुमार, अनुज कुमार, अमरजीत कुमार यादव, त्रिपुरारी राम, शंभू सिंह, पवन पासवान, राजेश शौंडिक, जेई कुलदीप कुमार सामुदायिक संगठनकर्ता विचित्रा कुमारी, लोकेश कुमार, शशि भूषण कुमार, उपेन्द्र यादव, संसाधन सेविका लालमुनि कुमारी, अनिता कुमारी, रिशु कुमारी, पप्पू चौधरी समेत स्वयं सहायता समूह की महिलाऐं, स्वास्थ्य कर्मी एवं सफाई कर्मी उपस्थित थे।

