हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार के झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) पलाश के तहत प्रखंड क्षेत्र के क्लस्टर सेमरवार आजीविका महिला संकुलस्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड (सीएलएफ) के तत्वावधान में सोमवार को खड़गपुर पंचायत सचिवालय में वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएलएफ अध्यक्ष गुड़िया देवी ने की, जबकि मंच संचालन आईपीआरपी ममता कुमारी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रमुख कमला देवी, सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन, पूर्व जिप सदस्य आशा कुमारी एवं सीएलएफ अध्यक्ष गुड़िया देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों और क्लस्टर में बेहतर कार्य करने वाली सदस्यों को अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमुख कमला देवी ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने में स्वयं सहायता समूहों और आजीविका मिशन की महत्वपूर्ण भूमिका है। समूह से जुड़कर महिलाएं रोजगार के साथ-साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं।
वहीं सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन ने कहा कि संस्था से जुड़ने के बाद ग्रामीण महिलाऐं काफी जागरूक हुई हैं। महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर रोजगार प्राप्त कर रही हैं और अपनी गृहस्थी को स्वावलंबी तरीके से चला रही हैं। उन्होंने महिलाओं के इस प्रयास को समाज के लिए सकारात्मक संकेत बताया ।वहीं पूर्व जिप सदस्य आशा कुमारी ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से मजबूत होना परिवार और समाज की मजबूती का आधार है। उन्होंने महिलाओं से समूह के माध्यम से संचालित गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। वहीं जेएसएलपीएस के बीपीएम मुकेश कुमार ने बताया कि वार्षिक आम सभा में पिछले एक वर्ष के दौरान संस्था द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। मौके पर उप मुखिया उर्मिला देवी, अवधेश मेहता, सुनील मेहता, विजय प्रजापति, लल्लू सिंह, दिनेश पासवान, विनोद पासवान, धिरज कुमार, शंकर चौधरी, डीओवी सदस्य उषा देवी, संगीता देवी, जेंडर सीआरपी गूंजा सिंह, ममता देवी, पूनम देवी, पूजा देवी, सीसी धिरेन्द्र कुमार, चंदन कुमार, गीता, पिंकी, कविता, यमुना, माया, कंचन देवी सहित बड़ी संख्या में आजीविका सखी मंडल की महिलाऐं उपस्थित थीं।

