मेदिनीनगर (पलामू)
मेदिनीनगर के प्रकाश चंद जैन सेवा सदन अस्पताल में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान काफी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया। जिससे ३२ यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शामिल जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि
जिले के कल्याण के लिए
पलामू में उच्च स्तर की स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत है। इसने सभी की भागीदारी होनी चाहिए।
जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर नहीं है, लेकिन व्यवस्था में सुधार के लिए नियत अच्छी है और लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्र के अस्पतालों के माध्यम से पलामूवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सेवा सदन अस्पताल की ओर से काफी कम खर्च पर मातृत्व एवं शिशु चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सहयोग मिल रहा है। उन्होंने सेवा सदन के सभी चिकित्सकों, कर्मियों और प्रबंधन के सदस्यों के प्रति आभार जताया।उन्होंने कहा कि कई बार गोल्डन आवर में मरीजों को रक्त उपलब्ध नहीं करा पाने की मजबूरी सामने आती है। ऐसे में रक्तदान को लेकर लोगों को जागरूक की जरूरत है । उन्होंने निजी अस्पतालों से भी समाज के लिए किए जा रहे कार्यों पर ध्यान देने की अपील की है।
उपायुक्त ने सरकारी व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को सेवासदन में एक्सपोजर विजिट कराने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मामले में दो दिन पूर्व कार्रवाई की गई है। इस तरह की कार्रवाई अभी जारी रहेगी ।
कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव सौमित्र भट्टाचार्य ने किया। महासचिव सुरेश जैन, सदस्य प्रभात अग्रवाल, डॉ. एसएस होरो, डॉ. शशि सिंह, वार्ड पार्षद रौशन कुमार, नवीन गुप्ता और पूर्व वार्ड पार्षद मनोज सिंह समेत अन्य मौजूद थे। शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।

