25 सितंबर को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में होगा सामूहिक गायन, नगरवासियों से शामिल होने की अपील
बारियातू (लातेहार)
राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25 सितंबर को देशभर में आयोजित होने वाले सामूहिक गायन कार्यक्रम के तहत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बारियातू में विशेष आयोजन किया जाएगा। विद्यालय परिसर में शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे वंदे मातरम् का सामूहिक गायन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे से की जाएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेन्द्र राम ने कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जागरण, स्वतंत्रता संग्राम, सांस्कृतिक गौरव और मातृभूमि के प्रति अटूट श्रद्धा का सशक्त प्रतीक है। इसकी 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर सामूहिक गायन का आयोजन विद्यार्थियों के साथ समाज के सभी वर्गों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार इस ऐतिहासिक अवसर को पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाने के लिए तैयार है। उन्होंने नगरवासियों से निर्धारित तिथि और समय पर अपने परिवार व इष्ट-मित्रों के साथ विद्यालय परिसर पहुंचकर सामूहिक गायन में सहभागी बनने की अपील की। कार्यक्रम का आयोजन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में देशभर में किया जा रहा है। आयोजन में नगरवासियों को भी सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।

