मेदिनीनगर (पलामू)
पलामू में करम पूजा की टहनी के विसर्जन के दौरान कोयल नदी में पांच बच्चे अचानक नदी के तेज बहाव में बह गए। जिसमें से चार का शव बरामद कर लिया गया है एक की तलाश अभी भी जारी है। घटना चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरिया गांव की बताई गई है। मंगलवार की सुबह कोयल नदी में करम टहनी विसर्जन करने गए 5 बच्चे डूब गए। इसमें 4 का शव करीब एक किलोमीटर नीचे बोकाया नदी घाट से बरामद किया गया। 8 वर्षीय हेमंत की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के मुताबिक पतरिया खुर्द निवासी नीतीश कुमार सिंह (18), अमित कुमार ठाकुर (22), राजा सिंह (12), विशाल पासवान (16) और हेमंत सिंह (8) करमा पूजा की करम टहनी स विसर्जित करने कोयल नदी गए थे। नदी में विसर्जन के दौरान नीतीश कुमार सिंह सबसे पहले नदी में उतरा और गहरे पानी में जाने के बाद डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य चार भी नदी में कूद गए एवं नदी की तेज धार में बह गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और पांचो बच्चे डूब चुके थे। बाद में नीतीश कुमार सिंह, अमित कुमार ठाकुर, राजा सिंह और विशाल पासवान के शव बरामद किए गए। सभी शवों का मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उन्हें स्वजनों को सौंप दिया गया। समाचार लिखे जाने तक 8 वर्षीय हेमंत सिंह का शव बरामद नहीं हो सका है।8 /10 किमी नीचे तक कोयल नदी के तटवर्ती क्षेत्र में बच्चे की तलाश जारी है
बाक्स : एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलने के बाद पलामू एसपी कपिल चौधरी पतरिया खुर्द पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। एसडीपीओ राजेश यादव, थाना प्रभारी लालजी समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। एसपी ने लापता बच्चे की तलाश को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाक्स : पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने जताया शोक
पतरिया खुर्द में हुए हादसे पर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए लापता बच्चे की तलाश में प्रशासन और राहत-बचाव दल से पूरी तत्परता के साथ अभियान चलाने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

