- सामाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र कुमार सिंह ने उपायुक्त को पत्र प्रेषित कर समस्या से कराया अवगत
हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज नगर पंचायत की लाइफलाइन कही जाने वाली महाराजगंज सिमरी कला चौक से मजार होते हुए मिश्रा कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब तालाब में तब्दील हो गए हैं, जिससे आम लोगों का चलना दूभर हो गया है। बता दें कि यह सड़क झारखंड-बिहार को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क पथ है। इसी सड़क से लोग प्रखंड मुख्यालय, नगर पंचायत कार्यालय, थाना और बाजार से जुड़ते हैं। इस पथ पर कई धार्मिक स्थल मजार शरीफ, मंदिर और शिक्षण संस्थान भी स्थित हैं। हल्की बारिश में ही सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो जाता है। गड्ढों का अंदाजा नहीं लगने से आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मजार और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं तथा स्कूली बच्चों को सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है । जबकि महाराजगंज सिमरी कला चौक के पास इसी जर्जर सड़क से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों से नगर पंचायत द्वारा प्रतिदिन सैरात शुल्क की वसूली की जाती है । इसे लेकर सिमरी कला निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता शैलेंद्र कुमार सिंह ने पलामू उपायुक्त और झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है ।उन्होंने पत्र में कहा है कि यह सड़क हजारों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत है। नागरिकों के आवागमन के हित को देखते हुए इस सड़क का अविलंब निर्माण व मरम्मतीकरण कराया जाए ।

