मेदिनीनगर (पलामू)
पलामू प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में हिंदी दिवस का समारोह मनाया गया। समारोह में कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने हिंदी भाषा के महत्व, उसकी उपयोगिता तथा राजभाषा के रूप में हिंदी के व्यापक प्रयोग पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान हिंदी को कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक प्रयोग करने तथा सरकारी कार्यों में सरल, सहज एवं प्रभावी हिंदी के इस्तेमाल पर जोर दिया गया।
समारोह के संचालन का शुभारंभ आयुक्त महोदया की अनुमति से एस. ओ. श्री राजेश कुमार गुप्ता के द्वारा किया गया।
आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय ने हिंदी दिवस के अवसर पर कहा कि सभी के लिए हिंदी सीखना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जब दो संस्कृतियां एक साथ मिलती हैं तो दोनों एक-दूसरे को प्रभावित करती हैं। इसी प्रकार अपनी भाषा के साथ हिंदी के शब्दार्थ को भी समझना और अपनाना चाहिए।
आयुक्त महोदया ने कहा कि हिंदी के साथ-साथ स्थानीय भाषाओं को भी आगे बढ़ाने की जरूरत है। भाषाओं के परस्पर समन्वय से न केवल हिंदी समृद्ध होगी, बल्कि स्थानीय भाषाओं का भी विकास होगा। उन्होंने कहा कि हिंदी को प्रभावशाली और अलंकारयुक्त ढंग से बोलने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिंदी भारतीय समाज और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी समृद्ध परंपरा और व्यापक शब्द-संपदा इसे प्रभावशाली भाषा बनाती है। हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए लोगों को दैनिक जीवन में इसका अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए।
डॉ. असीम कुमार :– हिंदी दिवस के अवसर पर पलामू जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डी.पी.आर.ओ.) डॉ. असीम कुमार ने कहा कि अतीत और भविष्य को साथ लेकर चलने से ही समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी भाषा, संस्कृति और विरासत से जुड़ी है, वहीं अंग्रेजी, फ्रेंच जैसी भाषा वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर संवाद एवं ज्ञान-विज्ञान का महत्वपूर्ण माध्यम है।
समारोह में वक्ताओं ने कहा –
श्री सतीश सुमन मिश्रा:- हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ सतीश सुमन मिश्रा ने कहा कि हमें अपनी भाषा हिंदी को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना होगा। हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान से भी जुड़ी हुई भाषा है। उन्होंने कहा कि हिंदी भाषा के विकास और प्रचार-प्रसार को लेकर भारत सरकार द्वारा भी अनेक कार्य किए जा रहे हैं। हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा के रूप में इसके व्यापक उपयोग के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. रिचा पांडे:- हिंदी दिवस के अवसर पर जीएलए कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रिचा पांडे ने कहा कि हिंदी भाषा को वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप अपग्रेड करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज जो भी सक्षम और प्रभावशाली कार्य माने जा रहे हैं, उनमें अंग्रेजी भाषा का प्रयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसके कारण हिंदी धीरे-धीरे पीछे होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि हिंदी भाषा हमें आगे बढ़ने की शक्ति देती है। हिंदी हमारी भाषा और पहचान से जुड़ी है, इसलिए इसके विकास और व्यापक प्रयोग के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ हिंदी को तकनीक, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्रों से जोड़कर और अधिक समृद्ध करने की जरूरत है।
डॉ. विभा शंकर:- हिंदी दिवस के अवसर पर डॉ. विभा शंकर ने कहा कि हमें दूसरी भाषाओं का सम्मान करते हुए अपनी भाषा हिंदी को भी आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध भाषा और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हिंदी के विकास और प्रचार-प्रसार के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। इसके लिए हमें हिंदी को आगे बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प लेना होगा और इसके प्रयोग को बढ़ावा देने के प्रति दृढ़ संकल्पित रहना होगा।
प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री ब्रिजकिशोर तिवारी एवं स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक श्री अरविंद पासवान ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हिंदी की जड़ें संस्कृत से जुड़ी हुई हैं और इसकी समृद्ध परंपरा लंबे समय से भारतीय समाज और संस्कृति का हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रति रुचि केवल भारतीयों तक सीमित नहीं रही है। अंग्रेजों ने भी हिंदी सीखने में रुचि दिखाई और हिंदी के साहित्य तथा उपन्यासों को समझने का प्रयास किया। यह हिंदी की व्यापकता और प्रभाव को दर्शाता है। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया भी हिंदी के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है। सोशल मीडिया के कई इन्फ्लुएंसर छोटे-छोटे शॉर्ट्स और रील के माध्यम से हिंदी भाषा में सामग्री तैयार कर रहे हैं। छोटी कहानियों, कविताओं और लेखन के जरिए हिंदी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
एस. ओ. श्री राजेश कुमार गुप्ता :- “हिंदी हमारी शान है, राष्ट्र का अभिमान है ।”
आज के पावन दिन हमलोग यह संकल्प ले कि हम अपने कार्य में, अपने विचार मे और अपने व्यवहार में हिन्दी को अधिक से अधिक अपनाएंगे।
अंत में आयुक्त के सचिव श्री रोहित सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया। समारोह में आयुक्त के सचिव श्री रोहित सिन्हा, उप परिवहन आयुक्त-सह-सचिव श्री राजेश साहू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम कुमार, हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ श्री सतीश सुमन मिश्रा, प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ श्री चंद्रशेखर सिंह, जीएलए कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रीचा पांडे, जीएलए कॉलेज की डॉ. विभा शंकर, गुरु प्रताप हरी प्लस टू उच्च विद्यालय चैनपुर, पलामू के प्रभारी प्राचार्य श्री बृजकिशोर तिवारी, कृत प्लस टू उच्च विद्यालय, लेस्लीगंज, पलामू के स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक श्री अरविंद पासवान सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मी उपस्थित थे।

