रांची (झारखंड)
झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बड़ी खबर सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने राज्य के तीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों (पीडीजे) को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश बनाए जाने की अनुशंसा पर सहमति दे दी है। कॉलेजियम की मंजूरी के बाद अब इन नामों को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। केंद्र की मंजूरी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों की हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति का रास्ता साफ हो जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जिन तीन नामों पर सहमति दी है, उनमें गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद, साहेबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार और डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा शामिल हैं।मनोज प्रसाद वर्तमान में गढ़वा में पीडीजे के पद पर कार्यरत हैं। वहीं अखिल कुमार साहेबगंज और श्रीराम शर्मा डालटनगंज में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थापित हैं।
कॉलेजियम की अनुशंसा को न्यायिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब केंद्र सरकार की सहमति के बाद नियुक्ति संबंधी औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। तीनों न्यायिक अधिकारियों के हाईकोर्ट में न्यायाधीश बनने से झारखंड हाईकोर्ट में न्यायिक कार्यों के निष्पादन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

