हरिहरगंज (पलामू )
नगर पंचायत की ओर से बुधवार को बाजार क्षेत्र में व्यावसायिक और फुटपाथी दुकानदारों को सैरात बंदोबस्ती शुल्क को लेकर जागरूक किया गया। नगर पंचायत के अधिकारियों ने दुकानदारों से बातचीत कर सैरात बंदोबस्ती शुल्क नियमित रूप से संवेदक को जमा करने की अपील की।
इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी फैजुर रहमान अंसारी ने दुकान के बाहर छज्जा व अन्य सामान लगाने वाले दुकानदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सैरात बंदोबस्ती शुल्क देना जरूरी है। दुकानदार नियमित रूप से संवेदक को शुल्क देते रहें। शुल्क नहीं देने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने और सार्वजनिक स्थान पर अनावश्यक कब्जा नहीं करने से आम लोगों के आवागमन में सुविधा होगी। मौके पर सिटी मैनेजर नजीबुल्लाह अंसारी, जेई सुबोध कुमार, सामुदायिक संगठनकर्ता विचित्रा कुमारी, अमीन रविंद्र कुमार यादव, संवेदक धनंजय कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, थाना के एसआई संजय कुमार, मुकेश कुमार मेहता, विजय प्रजापति सहित पुलिस बल के जवान और अन्य लोग उपस्थित थे।

