बारियातू (लातेहार)
प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बारियातू में शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर खेल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य जितेंद्र राम एवं आचार्य शशि कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य जितेंद्र राम ने कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को हुआ था। उन्होंने भारतीय फील्ड हॉकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित किया। वे तीन बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे। उनके शानदार खेल के कारण उन्हें ‘हॉकी का जादूगर’ कहा जाता है।
उन्होंने कहा कि खेल से बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास होता है। इससे टीम भावना, सहयोग, अनुशासन और समय प्रबंधन जैसे गुणों का विकास होता है।
खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए कुर्सी रेस, बैलून रेस एवं बिस्किट रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आचार्य एवं दीदी के लिए भी कुर्सी रेस प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें प्रथम पुरस्कार सोनाली दीदी ने प्राप्त किया।
कुर्सी रेस में कलावती कुमारी (कक्षा अष्टम), अनिकेत कुमार (कक्षा षष्ठ), अनिशा कुमारी (कक्षा चतुर्थ), रिशु कुमार (कक्षा प्रथम), परिधि कुमारी एवं शिवांश कुमार ने पुरस्कार प्राप्त किया। बैलून रेस में यशवंत कुमार सिन्हा एवं छोटी कुमारी तथा बिस्किट रेस में सौम्या कुमारी एवं सूर्यांश कुमार पुरस्कृत हुए।
मंच संचालन सोनाली दीदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आचार्य शशि कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

