हरिहरगंज- मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर जेएसएलपीएस कैडर संघ ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी

हरिहरगंज (पलामू)

हरिहरगंज मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर जेएसएलपीएस कैडर संघ हरिहरगंज ने आंदोलन की चेतावनी दी है। गुरुवार को संघ के सदस्यों ने प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर बीएमएमयू को मांगपत्र सौंपा। संघ ने कहा कि मांगों पर शीघ्र संतोषजनक निर्णय नहीं होने पर सभी कैडर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ ने कुशल कैडर के लिए न्यूनतम 800 रुपये और अकुशल कैडर के लिए 400 रुपये प्रतिदिन मानदेय, 100 प्रतिशत मानदेय वृद्धि, यात्रा व मोबाइल भत्ता तथा अतिरिक्त कार्य के लिए अलग भत्ता देने की मांग की। साथ ही मानदेय का भुगतान व्यक्तिगत बैंक खाते में प्रत्येक माह की 10 तारीख तक सुनिश्चित करने की मांग की गई।संघ ने कहा कि वर्ष 2018 से विभिन्न कैडर जेएसएलपीएस के लिए सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन वर्तमान मानदेय में काम करना मुश्किल हो गया है। मांगों पर ठोस निर्णय होने तक कैडर निर्धारित एवं अतिरिक्त कार्य करने में असमर्थ रहेंगे। प्रदर्शन में गुंजा सिंह, संजू देवी, ललिता देवी, लैला बानो, रेशमी देवी, पूजा देवी, अनिता देवी, अमृता देवी, सोनी देवी और नीरा देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं।

Leave a Reply