बारियातू में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबीअकीदतमंदों ने निकाला मोहम्मदिया जुलूस, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ

बारियातू (लातेहार)

बरियातू प्रखंड क्षेत्र के मुस्लिम बहुल इलाकों में बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। सदर पंचायत बारियातू के अंजुमन कमेटी बठेट-बरछिया की ओर से अंजुमन के आला सदर मो. बशीर अंसारी, अंजुमन सदर हदीस अंसारी एवं जामा मस्जिद के इमाम कारी मो. मुस्लिम रजा की अगुवाई में मोहम्मदिया जुलूस निकाला गया।
जुलूस बठेट जामा मस्जिद से प्रारंभ होकर पूरी बस्ती का भ्रमण करते हुए बरछिया स्थित कर्बला परिसर पहुंचा। इस दौरान अकीदतमंद इस्लामी कौमी झंडे के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर आगे बढ़ते रहे। कर्बला परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत इमाम कारी मो. मुस्लिम रजा ने कुरान पाक की तिलावत से की। इसके बाद मकतब के नौनिहालों ने नात-ए-पाक पेश की और लोगों को पैगंबर मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने की नसीहत दी।
इमाम कारी मुस्लिम रजा ने पैगंबर मोहम्मद साहब की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी इंसानियत, भाईचारा, अमानतदारी और एक अल्लाह की इबादत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में अमन-चैन, आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक दुआ की गई।
वहीं, बुधवार की संध्या प्रखंड के इटके स्थित जामिया इस्लामिया अली इब्न अबी तालिब परिसर एवं बठेट जामा मस्जिद परिसर में सरकार के आमद मरहबा के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जामिया के नाजिम मौलाना अबुशहमा नदवी ने बताया कि कार्यक्रम में कई उलमा-ए-कराम एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए तथा पैगंबर साहब की जीवनी पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।
त्योहार को लेकर प्रखंड एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मोहम्मदिया जुलूस को सफल बनाने में मो. तैय्यब जाफरी, मो. अफजल अंसारी, कलाम, असलम, साजिद हुसैन, मो. नसीम, खलील, रियाज, कलीम, यूनुस, आमिर, हबीब, जब्बार समेत कई लोगों ने अहम योगदान दिया।

Leave a Reply