हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज बिजली करंट के चपेट में आने से जयप्रकाश सिंह (45)की मौत हो गई । वे पूर्व में स्वच्छ भारत मिशन के तहत हरिहरगंज व पिपरा ब्लॉक में कोर्डिनेटर के रूप में पदस्थापित थे । वर्तमान में ब्लॉक कोर्डिनेटर के रूप में हुसैनाबाद के हैदरनगर व मोहमदगंज में कार्यरत थे । घटना बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रगढ़ गांव में शुक्रवार को हुई । बताया जाता है कि जयप्रकाश सिंह गांव से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में करंट प्रवाहित बिजली का 440 वोल्ट तार अचानक उनके ऊपर गिर गया। तार की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें नवीनगर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार जनों में कोहराम मच गया। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके असमायिक निधन से हरिहरगंज व पिपरा प्रखंड क्षेत्र के ब्लॉक कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों समेत ग्रामीणों में शोक की लहर है। उनके निधन पर कई लोगों ने गहरी संवेदना जताई है।

